cbamazon
उत्तर प्रदेश

संभल में ई-रिक्शा के लिए नया रूट प्लान लागू,जाम से मिलेगी बड़ी राहत

संभल में ई-रिक्शा के लिए नया रूट प्लान लागू,जाम से मिलेगी बड़ी राहत

 

बुलन्द संदेश/ दानिश अली 

 

सम्भल कस्बा के भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने ई-रिक्शाओं के लिए नया रूट प्लान लागू कर दिया है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी संभल व क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यह व्यवस्था लागू की गई है,जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाया जा सके।

      नई योजना के तहत प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन के लिए निर्धारित रूट तय किए गए हैं,जबकि कई संवेदनशील और संकरे मार्गों पर इनके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।शंकर चौराहा से कोतवाली,पोस्ट ऑफिस तिराहा (जामा मस्जिद) से कोतवाली तथा तेल मंडी वाली गली से सर्राफा बाजार तक ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इसके अलावा अस्पताल चौराहा,कोतवाली,सर्राफा बाजार,नखासा तिराहा और एसबीआई तिराहा समेत कई स्थानों पर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है।यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर बैरियर और फ्लेक्सी बोर्ड लगाकर नो-पार्किंग जोन भी घोषित किए हैं,ताकि अनावश्यक वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति न बने। हेड कांस्टेबल सोनू अहलावत ने ई-रिक्शा चालकों को नए रूट प्लान की जानकारी देते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान,वाहन जब्ती सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।वहीं,ई-रिक्शा चालकों ने भी नई व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिलाया है।