●30 जुलाई को होगाजिला स्तरीय ट्रायल
बुलन्द संदेश/ दानिश अली
सम्भल। जिले की महिला खिलाड़ियों के लिए कबड्डी में अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला खेल कार्यालय संभल की ओर से महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यह आयोजन कराया जा रहा है।
उपक्रीड़ाधिकारी प्रमिला भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद स्तरीय चयन ट्रायल 30 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे से एस.के. कबड्डी अकैडमी, ग्राम पथरा, चंदौसी में आयोजित होगा। इसमें चयनित खिलाड़ी मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी,जो 2 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम,सोनकपुर,मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए महिला खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2026 तक 25 वर्ष से कम होना अनिवार्य है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को जन्मतिथि प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लानी होगी। बिना आवश्यक दस्तावेजों के खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।खास बात यह है कि इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।खेल विभाग का मानना है कि इस पहल से जिले में महिला खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी और राज्य स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा। अधिकारियों ने अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेने की अपील की है, ताकि संभल जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हो सके।


