बुलन्द संदेश /ब्यूरो
बुलन्द संदेश/ मौहम्मद अब्बास
सम्भल। जनपद पुलिस में सेवा दे रहे कर्मठ पुलिसकर्मियों के लिए सोमवार का दिन गौरवपूर्ण रहा,जब पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने पुलिस कार्यालय बहजोई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच मुख्य आरक्षियों को सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नत किया। इस अवसर पर एसपी ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को रैंक चिन्ह (सितारा व रिबन) लगाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति पाने वालों में मु0आ0 मोटर ट्रांसपोर्ट कन्हैया सिंह,मु0आ0 चालक उदयभान सिंह, मु0आ0 चालक तेजपाल सिंह,मु0आ0 चालक मोहम्मद रफी तथा मु0आ0 चालक सुरेन्द्र कुमार शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान एसपी कृष्ण कुमार ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी बढ़ाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा,ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है,और इस दिशा में सभी को और अधिक समर्पण के साथ कार्य करना होगा। पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों ने भी अपने दायित्वों को पूरी लगन से निभाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान प्रभारी परिवहन शाखा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर सभी ने पदोन्नत कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


