cbamazon
उत्तर प्रदेश

स्कूल में घुसकर प्रधानाचार्या व प्रबंधक से अभद्रता, फीस मांगने पर जान से मारने की धमकी

स्कूल में घुसकर प्रधानाचार्या व प्रबंधक से अभद्रता, फीस मांगने पर जान से मारने की धमकी

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

छात्राओं के सामने गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास, थाने में तहरीर देकर सुरक्षा की मांग

 

 

सरधना। क्षेत्र के एक विद्यालय में फीस मांगने को लेकर विवाद हो गया। विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि एक व्यक्ति स्कूल परिसर में घुस आया और प्रधानाचार्या व प्रबंधक के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी भी दी।

थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार को विद्यालय में एक छात्र की फीस को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान राकेश पुत्र काशी निवासी समसपुर सुरानी थाना सरधना स्कूल पहुंचा। आरोप है कि उसने छात्राओं के सामने प्रधानाचार्या और प्रबंधक का गिरेबान पकड़ लिया तथा मारपीट करने का प्रयास किया। जब विद्यालय स्टाफ ने घटना की वीडियो बनानी शुरू की तो वह और अधिक आक्रामक हो गया।

विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि आरोपी ने फीस मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और कहा कि यदि दोबारा फीस मांगी तो जान से मार देगा। साथ ही उसने अपने प्रभाव का हवाला देकर झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने थाना सरधना में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई, विद्यालय की बकाया फीस दिलाने तथा स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आवश्यक कदम उठाएगी और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।