बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मोहल्ला कोट कलां में रविवार तड़के करीब 4:30 बजे अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी कर ली। इतना ही नहीं, चोरों ने आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों से पेट्रोल भी निकाल लिया। एक ही रात में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और पुलिस की गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित भाजपा नेता रामकिशन लोधी पुत्र श्याम बाबू लोधी ने थाना शिकारपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, चोरी की पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जा सकती है, जिससे संदिग्धों की पहचान में मदद मिल सकती है।
पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने, चोरी गई ट्रैक्टर की बैटरी बरामद कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पहले की चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। लोगों का आरोप है कि पूर्व में हुई कई चोरी की घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में ताजा घटना के बाद कस्बा चौकी की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों ने पुलिस अधिकारियों से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्धों की निगरानी करने और पुरानी चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।


