बुलन्द संदेश ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, शिक्षा माफियाओं पर कार्रवाई तथा बेरोजगारों को रोजगार देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बस अड्डा स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने का नेतृत्व पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राहुल कुमार ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए राहुल कुमार ने कहा कि संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में पार्टी देशभर में आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद भी छात्रों के समर्थन में आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में यहां भी धरना शुरू किया गया है। राहुल कुमार ने बताया कि आंदोलन के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में सुधार, पुलिस कार्रवाई से प्रभावित छात्रों को न्याय तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की।
धरने में राहुल कुमार कलछीना, सम्राट जाटव, सोनू सोहनलाल, ओम प्रकाश निवेश, देवेंद्र ठेकेदार, दिलीप सागर, सानुज गौतम, अमित सोनी, कुशाल सिंह राणा, राजीव, विकास, जाकिर, अनिल गौतम, वसीम चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


