cbamazon
उत्तर प्रदेश

संपूर्ण समाधान दिवस में 159 शिकायतें पहुंचीं, 10 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 159 शिकायतें पहुंचीं, 10 का मौके पर निस्तारण

डीएम ने अधिकारियों को दिए समय सीमा में शिकायतें निपटाने के निर्देश, मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया सम्मानित

संवाददाता जावेद अब्बासी

मेरठ। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 159 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से जनसुनवाई करने के निर्देश भी दिए।

भूमि विवाद और पेंशन से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

समाधान दिवस में चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने और पेंशन दिलाने सहित पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, विकास और चकबंदी विभाग से जुड़ी शिकायतें आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया सम्मानित 

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत पिंक समाधान दिवस का भी आयोजन किया गया। इसमें मिशन शक्ति अभियान में सहयोग करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया।इस मौके पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एसडीएम सदर राहुल द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और फरियादी मौजूद रहे।