cbamazon
उत्तर प्रदेश

संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं फरियादें, तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं फरियादें, तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण

बुलंद संदेश ब्यूरो

गोवर्धन तहसील सभागार में एसपी ग्रामीण और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

 

मथुरा। गोवर्धन तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के साथ पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की भी गंभीरता से समीक्षा की।

 

जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने को कहा।

 

संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी गोवर्धन, तहसीलदार गोवर्धन तथा क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

 

अधिकारियों ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।