बुलंद संदेश ब्यूरो
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 22 में अवैध पार्किंग, टेंपो और ई-रिक्शा के सड़क किनारे खड़े रहने की समस्या को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महानगर अध्यक्ष मोइनुद्दीन ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और एसपी ट्रैफिक को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि KJS गेट नंबर-1 के सामने मुख्य मार्ग और गलियों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में टेंपो, ई-रिक्शा व अन्य वाहन अवैध रूप से खड़े किए जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत में कहा गया है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य जरूरी वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो सकता है।
शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि जन्मभूमि क्षेत्र में चोरी, लूटपाट और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं के बाद कुछ संदिग्ध लोग टेंपो और ई-रिक्शा का उपयोग कर क्षेत्र से निकल जाते हैं, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा शिकायती पत्र में लगाए गए हैं।
मोइनुद्दीन ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, मुख्य मार्ग एवं गलियों को अतिक्रमण और अवैध रूप से खड़े वाहनों से मुक्त कराया जाए, नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी और श्रीकृष्ण जन्मभूमि जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।
मोइनुद्दीन ने कहा यदि शिकायत में बताए गए हालात सही हैं तो संबंधित विभागों को मौके का निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके तथा धार्मिक क्षेत्र की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।


