प्रधानाचार्य के रूप में दे रहे हैं सेवाएं, सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर
बुलन्द संदेश/मौहम्मद सादिक
सिरसी सादात/संभल। जनपद संभल के कस्बा सिरसी सादात के निवासी, युवा शिक्षाविद् एवं शिक्षक मास्टर नदीम अब्बास का उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) लोअर PCS की मुख्य परीक्षा (Main Examination) के लिए चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा और अंतिम चयन के लिए शुभकामनाएं दी हैं मास्टर नदीम अब्बास बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और परिश्रमी छात्र रहे हैं सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। कठिन संघर्ष, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है वर्तमान में मास्टर नदीम अब्बास जनपद संभल के असमोली स्थित एक प्रतिष्ठित इंग्लिश मीडियम विद्यालय में प्रधानाचार्य (Principal) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व वे संभल, अलीगढ़ तथा हरियाणा के झज्जर जनपद के विभिन्न CBSE विद्यालयों में भी प्रधानाचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुशासन, कुशल नेतृत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है।
नौकरी की व्यस्तताओं के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर मुख्य परीक्षा तक पहुंचना उनकी मेहनत, समय-प्रबंधन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचायक है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने विश्वास जताया कि वे मुख्य परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतिम चयन प्राप्त करेंगे और सिरसी सादात सहित पूरे जनपद संभल का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।


