बुलन्द संदेश /ब्यूरो
कटौती, खराब ट्रांसफार्मर और उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर, अधिकारियों को जवाबदेही के निर्देश
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। विकास भवन सभागार में लोकसभा सांसद अरुण चंद्र प्रकाश गोविल की अध्यक्षता में जिला विद्युत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की बिजली व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों और विभिन्न विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, आरडीएसएस, एएमआईएसपी योजना, 33 और 11 केवी विद्युत वितरण तंत्र के सुदृढ़ीकरण, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, विद्युत चोरी, दुर्घटनाओं की रोकथाम और उपभोक्ता सेवाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद अरुण गोविल ने अधिकारियों से कहा कि जिले के सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बिजली कटौती, खराब ट्रांसफार्मरों, जर्जर विद्युत लाइनों और बिलिंग संबंधी शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, लाइन लॉस कम करने के प्रयास और राजस्व वसूली की जानकारी बैठक में प्रस्तुत की। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की बिजली समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग रखी।
सांसद ने कहा कि आम जनता को बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए।
बैठक में सांसद हरेंद्र मलिक, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक अमित अग्रवाल, गुलाम मोहम्मद, अतुल प्रधान, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्वनी त्यागी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


