cbamazon
उत्तर प्रदेश

सांसद ने की केंद्रीय विद्यालयों में सेकेंड शिफ्ट संचालन की मांग

सांसद ने की केंद्रीय विद्यालयों में सेकेंड शिफ्ट संचालन की मांग

बुलन्द संदेश ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। मोदीनगर-बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र भेजकर मेरठ, बागपत और गाजियाबाद जनपद के केंद्रीय विद्यालयों में बढ़ती प्रवेश समस्या के समाधान के लिए आवश्यकता अनुसार सेकेंड शिफ्ट शुरू करने तथा अतिरिक्त सेक्शनों को स्वीकृति देने की मांग की है। सांसद का कहना है कि इससे अधिक संख्या में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

            यह जानकारी राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष एवं सतीश पार्क कॉलोनी निवासी रामपाल चौधरी ने देते हुए बताया कि सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने अपने पत्र में लिखा है कि दिल्ली और नोएडा के कई केंद्रीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए द्वितीय पारी संचालित की जा रही है। जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रवेश का अवसर मिल रहा है। वहीं एनसीआर का हिस्सा होने के बावजूद मेरठ, बागपत और गाजियाबाद के केंद्रीय विद्यालयों में ऐसी व्यवस्था पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि इन जनपदों में केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों के अलावा आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों की भी बड़ी संख्या केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश की इच्छुक रहती है। सीमित सीटों और कम सेक्शनों के कारण अनेक पात्र छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं, जिसके चलते अभिभावकों को निजी विद्यालयों का रुख करना पड़ता है।

          रामपाल चौधरी के मुताबिक सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांग की है कि वर्तमान एवं नवस्थापित केंद्रीय विद्यालयों में अतिरिक्त सेक्शन स्वीकृत किए जाएं तथा आवश्यकता के अनुसार सेकेंड शिफ्ट संचालित की जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध हो सके।