बुलन्द संदेश /ब्यूरो
कार्यकर्ताओं से बोले
मनिंदर पाल सिंह- संगठन का हर फैसला स्वीकार करें, कमल की जीत ही लक्ष्य
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई।

भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी
मनिंदर पाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन और उसकी विचारधारा सर्वोपरि होती है। सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ भारतीय जनता पार्टी और कमल के निशान को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सिवालखास की जनता ने भाजपा को 92,567 वोट देकर जो समर्थन दिया, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में न आने और संगठन के निर्णयों का सम्मान करने की अपील की।मनिंदर पाल सिंह ने कहा कि भविष्य में पार्टी जिस भी उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारे, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पंडित आशीष वत्स रहे। इसके अलावा यशवीर सिंह, पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक रणवीर राणा, जिला महामंत्री हरीश चौधरी, जिला मंत्री ब्रजवीर सैनी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन गुर्जर, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष आयुष चपराना, भाजपा नेता जितेंद्र चिकारा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री मुकेश शास्त्री ने किया। अंत में मनींदर पाल सिंह ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।


