cbamazon
उत्तर प्रदेश

सिवाया टोल पर रुका चंद्रशेखर का काफिला, कंट्रोल रूम में पीड़ित परिवार से कराई गई मुलाकात

सिवाया टोल पर रुका चंद्रशेखर का काफिला, कंट्रोल रूम में पीड़ित परिवार से कराई गई मुलाकात

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

रोहटा छात्रा हत्याकांड के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम, गांव में बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात


मेरठ। रोहटा क्षेत्र के एक गांव में छात्रा हत्याकांड के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। गांव के सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियातन बाहरी लोगों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया के गांव में प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
इस बीच शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मिलने मेरठ पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने उनके काफिले को सिवाया टोल प्लाजा पर ही रोक दिया। टोल प्लाजा पर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। सांसद के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक भी वहां पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया।


पुलिस अधिकारियों और सांसद के बीच बातचीत के बाद पीड़ित परिवार की मुलाकात सिवाया टोल प्लाजा स्थित कंट्रोल रूम में कराई गई। इस दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
चंद्रशेखर आजाद ने मृतका की मां और बहन से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्र में पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
उधर, कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन और उसके बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस पहले ही कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले को देखते हुए जिले में पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है।