* 2027 में बनेगी सपा सरकार, मौजूदा सरकार कामचोर- शिवपाल
बुलंद संदेश ब्यूरो
लखनऊ। मलिहाबाद के कसमंडी कलां स्थित ज्ञानदीप पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने यूपी बोर्ड 2026 और गत वर्ष की परीक्षा में टॉप करने वाली 30 छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज पहुंचने पर छात्राओं ने फूल मालाओं से शिवपाल यादव का स्वागत किया। स्कूल प्रबंधक पंकज यादव और रामगोपाल ने और राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की।इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव रामगोपाल यादव ने शिवपाल यादव के सिर पर पगड़ी बांधकर और गले में सोने की चेन पहनाकर विशेष सम्मानित किया। इस सम्मान से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि शिवपाल यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया। सम्मान के बाद उन्होंने मलीहाबादी आम खाए और अध्यापकों से संवाद किया। उन्होंने कहा _"मैं भी एक दिन अध्यापक रह चुका हूं। इस्तीफा देने के बाद ही राजनीति में आया हूं।"_ शिवपाल ने कॉलेज प्रबंधक पंकज यादव के कार्यों की सराहना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि _"2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मौजूदा सरकार कामचोर है।"_ उन्होंने सोनम वांगचुक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि _"भारतीय जनता पार्टी सबके साथ अन्याय कर रही है।"_

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजेश कुमार यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रूपनारायण यादव, नगेन्द्र यादव, अशोक प्रधान, सीएल वर्मा, राजबाला रावत, सोनू कनौजिया, वंश यादव सहित सैकड़ों पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कॉलेज के प्रधानाचार्य संजेश व समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।


