बुलंद संदेश ब्यूरो
एनआरसी वार्ड का भी लिया जायजा, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
चन्दौसी। उत्तर प्रदेश सरकार में सहकारिता विभाग के प्रभारी मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौड़ ने चन्दौसी स्थित संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, आपातकालीन कक्ष, प्रसूति वार्ड, साफ-सफाई व्यवस्था तथा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की।
पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कुपोषित बच्चों को दी जा रही चिकित्सा एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए संचालित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे को समय पर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इसी प्रकार की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर बनाए रखें और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही एनआरसी के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने केंद्र प्रभारी गौरी वार्ष्णेय से कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण प्रबंधन एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गौरी वार्ष्णेय द्वारा किए जा रहे समर्पित एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे प्रयास कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी के साथ निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने नेत्र चिकित्सा इकाई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेत्र चिकित्सा कर्मी एमपी सिंह से मरीजों की जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन, नेत्र परीक्षण शिविरों, उपलब्ध उपकरणों तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। एमपी सिंह ने विभाग द्वारा संचालित सेवाओं एवं उपलब्धियों से मंत्री को अवगत कराया। व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना की तथा कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने एमपी सिंह के बेहतर कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की बात भी कही। इस दौरान मौजूद रहे।जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक के.के.विश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी 
गोरखनाथ भट्ट,साथ ही मौजूद रहे भाजपा जिला अध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, भाजपा नेता परमेश्वर लाल सैनी,अंकित जैन, राजेश शंकर राजू, सुधीर मल्होत्रा भाजपा नेत्री मंजू दिलेर और अस्पताल प्रभारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



