बुलंद संदेश ब्यूरो
एसडीएम आदेश कुमार ने की जनसुनवाई, नालियों की सफाई, चकरोड, जलभराव, बिजली आपूर्ति और भूमि विवाद से जुड़े मामले रहे प्रमुख
मथुरा। सदर तहसील में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आदेश कुमार ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक फरियादी को समय पर न्याय मिले और शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने बताया कि समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें नालियों की सफाई, चकरोड, जलभराव, बिजली आपूर्ति और भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं पर भी सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी मामलों का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए, ताकि आमजन को जल्द राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचे।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान कर शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है।


