cbamazon
उत्तर प्रदेश

सम्भल कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह

सम्भल कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह

शहर अध्यक्ष ने जिला नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप


बुलन्द संदेश/ दानिश अली 

सम्भल। कांग्रेस की जिला इकाई में चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफों के बाद संगठन में विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवकुमार गौतम ने जिला नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर संगठन की बढ़ती सक्रियता और लोकप्रियता से घबराकर सुनियोजित तरीके से इस्तीफे कराए गए,ताकि संगठन में भ्रम की स्थिति पैदा की जा सके।
       शिवकुमार गौतम ने बताया कि जिला और शहर कमेटियों के गठन के कुछ माह बाद भी कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया था, जिससे जिला संगठन कमजोर दिखाई देने लगा, जबकि शहर कांग्रेस लगातार मजबूत होती गई।उनका आरोप है कि इसी कारण कुछ जिम्मेदार नेताओं ने योजनाबद्ध ढंग से यह घटनाक्रम कराया।उन्होंने संगठन में परिवारवाद का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी में एक ही परिवार के कई लोगों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। उनके अनुसार कांग्रेस किसी एक परिवार की नहीं,बल्कि विचारधारा और कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जिसमें सभी वर्गों और समाज के लोगों को समान अवसर मिलना चाहिए।यूथ कांग्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने जिला अध्यक्ष हम्माद को सक्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि हम्माद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ तुर्की के बीच मतभेद हैं,जिनके कारण वही बेहतर बता सकते हैं। गौतम ने दावा किया कि एक कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसे उन्होंने शांत कराया था।इसके बाद जिला अध्यक्ष को यह गलतफहमी हो गई कि कार्यक्रम में हम्माद को उन्होंने बुलाया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद से उन्हें विरोधी की तरह देखा जाने लगा। इन बयानों के बाद सम्भल कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई है।