रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगाया रामलीला मैदान, पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा- बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा
संवाददाता जावेद अब्बासी
सरधना। नगर के श्रीरामलीला मैदान में दशहरा पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। रामलीला मंचन के दौरान भगवान राम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। भगवान राम के बाण से रावण का अंत होते ही रावण और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से मैदान रोशन हो उठा और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।दशहरा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे। पुतला दहन से पहले और बाद में हुई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने परिवार के साथ मेले और उत्सव का आनंद लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।इस अवसर पर एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसडीएम उदित नारायण सेंगर, सीओ आशुतोष कुमार और इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। रामलीला कमेटी के प्रधान मलखान सिंह सैनी, उपप्रधान शरद त्यागी, कोषाध्यक्ष मूलचंद सैनी, अधिवक्ता वीरेंद्र सैनी सहित कमेटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।दशहरा पर्व के आयोजन ने नगर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।


