cbamazon
उत्तर प्रदेश

सरधना में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती

सरधना में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती

महर्षि वाल्मीकि मंदिर में रामायण पाठ, सैकड़ों दीप जलाकर किया दीपदान

बुलंद संदेश ब्यूरो: जावेद अब्बासी

सरधना।नगर पालिका परिषद सरधना की ओर से सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मोहल्ला खाकरोबान स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह रामायण पाठ हुआ, जबकि शाम को मंदिर परिसर में सैकड़ों दीप जलाकर दीपदान किया गया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।नगर पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम के नेतृत्व और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत रामायण पाठ से हुई। कथावाचक मंडली ने रामायण का पाठ कर श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं से अवगत कराया। शाम को दीप प्रज्ज्वलन और दीपदान के कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसे महान महाकाव्य की रचना कर समाज को सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।उन्होंने नगरवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से महर्षि वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से पहले ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान कार्यक्रम में अजय गौतम, दीपक शर्मा,शावेज अंसारी,शानू जैन, विक्की पार्चा,सुगनचंद, मंदिर कमेटी अध्यक्ष वेदप्रकाश, प्रेम बाबू, पिंकी सोम और सुभाष चावरिया सहित सभासद व नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक किशोरी सिंह, विपिन कुमार शर्मा, मनोज कुमार, सोहनवीर सिंह, विजय सोम, कमल कुमार, अजीम सैफी सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।