बुलन्द संदेश ब्यूरो
बुनकरों के लिए फ्लैट रेट बिजली की मांग, पेपर लीक और महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना
संवाददाता: जावेद अब्बासी
सरधना। मेरठ शहर से समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी रफीक अंसारी सोमवार को सरधना पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व नगर पालिका चेयरमैन निज़ाम अंसारी के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक हाजी रफीक अंसारी ने प्रदेश और देश के कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बुनकर समाज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। लगातार बढ़ती बिजली दरों और उत्पादन लागत के कारण हजारों बुनकर परिवारों का रोजगार प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से बुनकरों के लिए फ्लैट रेट बिजली व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे उद्योग को राहत मिलेगी और लाखों परिवारों को फायदा पहुंचेगा।
विधायक ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलनों का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखना हर नागरिक का अधिकार है। सरकार को आंदोलनों को दबाने के बजाय संबंधित वर्गों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विधायक ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, व्यापारियों, बुनकरों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता वर्तमान सरकार से नाराज है और इसका जवाब चुनाव में देगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, युवाओं और बुनकरों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक के सरधना आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से भी अवगत कराया।


