●पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
बुलन्द संदेश/ दानिश अली
सम्भल। चंदौसी रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोतवाली संभल क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा के पास करीब 03:40 बजे हुआ,जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर खून से लथपथ शव बिखर गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया,जबकि एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।हादसे में घायल युवक की पहचान रोहित पाल (24) पुत्र जगदीश निवासी गांव देहली,कोतवाली संभल के रूप में हुई है,जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं,इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए उनके फोटो प्रसारित किए जा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है,जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


