डीएम और एसएसपी ने शांति समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, जुलूस मार्गों और आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने को कहा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। आगामी दुर्गा पूजा, नवरात्र, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, दीपावली और छठ पूजा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की मौजूदगी में हुई बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने एसीएम, एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शोभायात्राओं, जुलूसों, मेलों और अन्य आयोजनों के स्थलों के साथ उनके मार्गों का भी निरीक्षण किया जाए। साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बिजली और यातायात की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी आयोजन पहले से चली आ रही परंपराओं के अनुसार ही होंगे। आयोजन समितियां निर्धारित समय से अनुमति के लिए आवेदन करें, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें। अधिकारियों को धार्मिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पंडालों में बिजली सुरक्षा पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख आयोजन स्थलों पर जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम को साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं, विद्युत विभाग को जुलूस और मेला मार्गों पर बिजली के तारों, खंभों और आपूर्ति की पहले से जांच करने के निर्देश दिए गए।
पंडालों में बिजली सुरक्षा के मानकों का पालन कराने और निर्धारित स्थानों पर ही पंडाल लगाने को कहा गया। आयोजन स्थलों पर अतिक्रमण नहीं होने देने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना प्रभारियों को त्योहार रजिस्टर देखकर पूर्व की घटनाओं, पारंपरिक जुलूसों के मार्गों और मेला स्थलों की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने यातायात व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने आयोजन समितियों तथा नागरिकों से त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहयोग के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एमडीए सचिव बृजेश सिंह, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, एडीएम नगर आदित्य कुमार प्रजापति, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।


