बोले- गश्त में संख्या से ज्यादा जरूरी जनता से संवाद, बीट पुलिसकर्मी नियमित रूप से लोगों की समस्याएं जानें
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। आगामी त्योहारों के मद्देनजर डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को ईब्ज चौराहे से आसपास के व्यस्त बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों, रिक्शा चालकों और छात्रों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
डीआईजी ने शुक्रवार की नमाज, शारदीय नवरात्र, दशहरा, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान लोगों से यातायात और स्थानीय समस्याओं के बारे में सुझाव भी लिए। इन सुझावों से संबंधित यातायात उपनिरीक्षकों को अवगत कराकर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नियमित गश्त करें पुलिसकर्मी
डीआईजी ने बीट आरक्षियों और हल्का चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी गश्त को अपनी नियमित कार्यशैली में शामिल करें और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानें।उन्होंने कहा कि पैदल गश्त के दौरान केवल पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने के बजाय जनता से संवाद और अपराध नियंत्रण पर ध्यान देना जरूरी है। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद से लोगों की समस्याओं को समझने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी।


