बुलन्द संदेश/ लल्ला सलमानी,
सम्भल जिला के सरायतरीन के निवासी दानिश तरीन को नई दिल्ली में उर्दू पत्रकारिता के क्षेत्र में सलाम टीवी ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। राजधानी दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एक्सचेंज फॉर मीडिया द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'फोर्टी अंडर फोर्टी ' उर्दू पत्रकारिता सम्मान समारोह' में सम्भल के सराय तरीन निवासी दानिश तरीन समेत सलाम टीवी के सात पत्रकारों को पत्रकारिता एवं मीडिया के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए जुनैद इब्राहिम मीडिया समन्वयक मिशन इंटरनेशनल एकेडमी ने बताया कि सम्मान प्राप्त करने वालों में इरम खान (समाचार प्रस्तोता एवं निर्माता), सहबा अली सैफ़ी (समाचार प्रस्तोता), गुफ़रान सिद्दीकी (वरिष्ठ निर्माता), मोहम्मद रिज़ाउल्लाह (निर्माता), मोहम्मद दानिश तरीन (निर्माता), असफहानी खान (सहायक निर्माता), आमिर अहसन (समाचार प्रस्तोता) तथा शुऐब सलमानी शामिल रहे। इन सभी को उर्दू पत्रकारिता में उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि एक्सचेंज4मीडिया द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित फोर्टी अंडर फोर्टी' सम्मान का उद्देश्य चालीस वर्ष से कम आयु के उन प्रतिभाशाली मीडिया कर्मियों को पहचान देना और सम्मानित करना है, जिन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस सम्मान के लिए प्रिंट, टेलीविजन, डिजिटल और अन्य मीडिया माध्यमों से जुड़े पत्रकारों, संपादकों, संवाददाताओं, समाचार प्रस्तुतकर्ताओं, निर्माताओं, विपणन विशेषज्ञों तथा मीडिया पेशेवरों का चयन किया जाता है।
इस सम्मान समारोह का आयोजन एक्सचेंज फॉर मीडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष अनुराग बत्रा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मीडिया जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें सलाम टीवी के प्रधान संपादक तारिक़ फ़रीदी, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग मुस्कान, तहसीन मुनव्वर तथा खालिद रज़ा ख़ान सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे।समारोह के दौरान सम्मानित पत्रकारों ने अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर मोहम्मद दानिश तरीन ने अपने संबोधन में जीवन के संघर्षपूर्ण दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उनकी माता गंभीर रूप से बीमार थीं, उस कठिन समय में सलाम टीवी के प्रबंधन और पूरी टीम ने उनके प्रति मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए हर संभव सहयोग और सहानुभूतिपूर्ण समर्थन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संस्थान ने उन्हें केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह अपनाया, जिससे वे कठिन परिस्थितियों का साहस के साथ सामना कर सके। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपनी माता की दुआओं, अपने सहकर्मियों के सहयोग तथा सलाम टीवी परिवार के विश्वास और स्नेह को देते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उर्दू पत्रकारिता के वर्तमान परिदृश्य, बदलते मीडिया परिवेश, डिजिटल युग की चुनौतियों और संभावनाओं के साथ-साथ उर्दू भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष परिचर्चाओं का आयोजन भी किया गया। वक्ताओं ने निष्पक्ष, उत्तरदायी और जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए नई पीढ़ी के पत्रकारों को गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया।
सलाम टीवी के सात पत्रकारों को एक साथ मिला यह सम्मान न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि उर्दू पत्रकारिता में उसकी सशक्त उपस्थिति, पेशेवर उत्कृष्टता और मानवीय कार्यसंस्कृति का भी प्रमाण है। मीडिया जगत से जुड़े अनेक लोगों समेत सराय तरीन के लोगो का घर पर बधाई देने का तांता लगा रहा ओर सभी ने एक स्वर में इस उपलब्धि पर दानिश तरीन समेत सलाम टीवी परिवार को बधाई देते हुए इसे उर्दू पत्रकारिता के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।


