बुलन्द संदेश /ब्यूरो
चन्दौसी। नगर के मुरादाबाद बाईपास स्थित तिरुपति एन्क्लेव में मंगलवार से तिरुपति बालाजी एवं भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। नरवर संस्कृत महाविद्यालय से आए विद्वान आचार्यों ने धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया।
श्रीमद्भागवत कथा प्रवक्ता आचार्य ऋतुपर्ण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का पूजन कराया। इसके बाद तिरुपति बालाजी एवं भगवान शिव का जलाधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। नाम संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर भजन-कीर्तन पर झूम उठे। अंत में आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर शनि शास्त्री, आचार्य नितेश शर्मा, आचार्य ऋतुपर्ण शर्मा, मुकेश सोम, महेश अग्रवाल, सुबोध शर्मा, चंद्रप्रकाश गुप्ता, गिरीश अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, उमा सिंह उत्सुक, मनोज सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


