बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और बाधित विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने सीकरी खुर्द बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता और एसडीओ को मौके पर पहुंचने के बाद कई घंटों तक अपने बीच बैठाए रखा। बाद में हुई वार्ता के पश्चात अधिकारियों ने चार दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

मोर्चा के अध्यक्ष डॉ बबली गुर्जर और महासचिव राहुल प्रधान के नेतृत्व में मंगलवार सुबह शुरू हुए धरने में सीकरी खुर्द, नंदनगरी, चूनाभट्टी, विश्वकर्मा बस्ती समेत लाइनपार क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि महीनों से क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है तथा अत्यधिक लो वोल्टेज के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर में अधिशासी अभियंता और एसडीओ के प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचने पर वार्ता हुई। मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने चार दिन के भीतर नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर लो वोल्टेज की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद डॉ बबली गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बिजलीघर पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में डॉ बबली गुर्जर, राहुल प्रधान, निर्दोष खटाना, आलोक, धर्मबीर, परवीन गुर्जर, गुलाब सिंह, सुनील प्रधान, तिलकराज, बलबीर भड़ाना, साहब सिंह, जगमाल, देव पंडित, उत्तम प्रधान, विपिन जिंदल, गुड्डू नंबरदार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


