cbamazon
उत्तर प्रदेश

वार्ड की समस्याओं को लेकर पालिका अधिकारियों से मिले स्थानीय लोग

वार्ड की समस्याओं को लेकर पालिका अधिकारियों से मिले स्थानीय लोग

बुलन्द संदेश ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। नगर पालिका परिषद मोदीनगर में बुधवार को वार्ड संख्या-15 की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने राजस्व निरीक्षक अंकित चौधरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई गई।

             प्रतिनिधिमंडल ने संजय पुरी मार्ग से कृष्णपाल सिंह के घर की ओर जाने वाले अधूरे मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। साथ ही कान्हा गौशाला के समीप स्थित रास्ते का निर्माण कराने एवं वहां फैली गंदगी की तत्काल सफाई कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा वार्ड में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की गई, ताकि लोगों को रात्रि के समय आवागमन में परेशानी न हो। स्थानीय लोगों ने प्रवीण नेहरा के घर के बाहर जलभराव की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया। बताया गया कि तालाब का पानी सड़क तक पहुंच गया है, जिससे राहगीरों और क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण कर पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की गई। रेवेन्यू इंस्पेक्टर अंकित चौधरी ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

           इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल प्रोफेशनल मंच के क्षेत्रीय अध्यक्ष एड अरुण दहिया, वरुण दहिया, प्रवीण नेहरा, ओमवीर सिंह, कृष्णपाल सिंह सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।