cbamazon
उत्तर प्रदेश

वैष्णो देवी जाते समय अंबाला हाईवे पर सड़क दुर्घटना में मारे गए मुरादनगर के दो युवकों का बीती रात हुआ अंतिम संस्कार

वैष्णो देवी जाते समय अंबाला हाईवे पर सड़क दुर्घटना में मारे गए  मुरादनगर के दो युवकों का बीती रात हुआ अंतिम  संस्कार

बुलंद संदेश ब्यूरो

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी)

अंबाला हाईवे पर कस्बा खन्ना स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात कार का टायर बदलते समय तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मारे गए दो युवकों का शनिवार देर रात को अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों मृतक परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। नगर की जीतपुर कॉलोनी निवासी राजपाल वर्मा अपनी पत्नी ,पुत्र अमरदीप वर्मा, मोनू , पुत्री के साथ रहते है। उनकी सक्को वाली गली में सर्राफ की दुकान है। दुकान पर उनका पुत्र अमरदीप बैठते थे। राजपाल वर्मा का परिवार अपने रिश्तेदारों व नगर की शीतलपुरी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय विक्की जाटव के साथ शुक्रवार रात को दो कारों से मुरादनगर से वैष्णो देवी मंदिर के लिए रवाना हुए। एक कार में राजपाल सिंह ,उनकी पत्नी ,पुत्र मोनू व पुत्रवधु सवार थे, जबकि दूसरी कार में अमनदीप वर्मा,भतीजा दस वर्षीय आरव, दोस्त विक्की जाटव व बुआ का लड़का गाजियाबाद निवासी हरदीप सवार थे।

कार को अमनदीप वर्मा चला रहे थे। जब वह शुक्रवार देर रात करीब डेढ बजे  अंबाला एक्सप्रेस वे पर खन्ना शहर के पास पहुंचे तो अचानक उनकी कार में पंचर हो गया। इसके बाद वह कार को साइड में लगा कर कार का पहिया बदलने लगे। विक्की जाटव कार का पहिया बदल रहा था और अमनदीप व आरव पास खडे़ थे। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे खडे़ तीनों काफी दूर जा गिरे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने विक्की जाटव व अमनदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर आरव को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। अमनदीप वर्मा व विक्की जाटव की मौत की खबर सुनते ही मुरादनगर में शोक की लहर दौड़ गई। शीतलपुरी कॉलोनी निवासी विक्की जाटव इलैक्टिशयन का काम करता था। विक्की जाटव और अमनदीप वर्मा की गहरी दोस्ती थी। अमनदीप ने विक्की से माता वैष्णोदेवी मंदिर चलने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि काम होने के कारण विक्की ने जाने से इंकार कर दिया था। शुक्रवार शाम को विक्की का अचानक उनके साथ जाने का कार्यक्रम बन गया था। शनिवार देर रात को दोनों मृतकों के शव मुरादनगर पहुंचे। दोनों  के शवों का शनिवार देर रात को ही अंतिम संस्कार करदिया गया।