बुलन्द संदेश ब्यूरो
कांठ, मुरादाबाद (सुदेश बिश्नोई)lबाजपुर उत्तराखंड में आयोजित बिश्नोई बिजनेस समिट–2026 में समाज के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, व्यापारियों, युवा उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्यापारिक चेतना, आर्थिक आत्मनिर्भरता, निवेश, उद्यमिता, पारस्परिक सहयोग एवं सशक्त नेटवर्किंग को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर प्रदीप बिश्नोई एडवोकेट ( पूर्व अध्यक्ष बिश्नोई सभा उत्तर प्रदेश) ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज का स्थायी एवं समग्र विकास किसी एक व्यक्ति अथवा किसी एक क्षेत्र की उपलब्धियों से नहीं, बल्कि विविध आयामों में संतुलित एवं निरंतर प्रगति से संभव होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में व्यापार एवं उद्यमिता सामाजिक सशक्तीकरण के सर्वाधिक प्रभावी माध्यम हैं, अतः युवाओं को इस दिशा में निर्भीकतापूर्वक अग्रसर होना चाहिए। राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का संचालन कर रहे रमेश बाबल के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अल्पावधि में इतना सुव्यवस्थित एवं दूरदर्शी आयोजन संपन्न करना समाज के लिए प्रेरणास्पद उपलब्धि है।अपने उद्बोधन में प्रदीप बिश्नोई ने अर्थशास्त्र के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योग की स्थापना के लिए भूमि, श्रम, पूंजी एवं प्रबंधन जैसे आधारभूत तत्त्व आवश्यक हैं, किंतु इन सबका प्राणतत्त्व साहस है। यदि व्यक्ति में आत्मविश्वास, जोखिम उठाने का संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी असाधारण उपलब्धियाँ अर्जित की जा सकती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड बिश्नोई बिजनेस समिट–2026 समाज में उद्यमशीलता, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं नवाचार की चेतना का सुदृढ़ आधार सिद्ध होगा तथा भविष्य में समाज की आर्थिक प्रगति को नवीन आयाम प्रदान करेगा।


