cbamazon
उत्तर प्रदेश

व्यापारियों से संवाद कर GST नियमों की दी जानकारी

व्यापारियों से संवाद कर GST नियमों की दी जानकारी

 

समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

 

 

बुलन्द संदेश/ मौहम्मद अब्बास

 

सम्भल। राज्य कर विभाग द्वारा शुक्रवार को भारत एग्रीकल्चर इंडस्ट्रीज ट्रांसपोर्ट नगर सम्भल में व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया,जिसमें व्यापारियों को वस्तु एवं सेवा कर (GST) के प्रावधानों, अनुपालन व्यवस्था और विभागीय ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

     कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों को जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे बदलाव,रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, ई-इनवॉइस और अन्य महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पोर्टल की नई सुविधाओं और तकनीकी सुधारों की भी जानकारी साझा की गई।संवाद के दौरान व्यापारियों ने अपने अनुभव और समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं,जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सभी व्यावहारिक कठिनाइयों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से व्यापारियों और विभाग के बीच समन्वय बेहतर होता है और पारदर्शी व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा मिलता है।राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने अंत में सभी व्यापारियों से नियमों के पालन,समय पर रिटर्न दाखिल करने और सरकार के राजस्व में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।