cbamazon
उत्तर प्रदेश

*युवक की हत्या कर शव मेरठ में फेंका, हाईवे किनारे मिला शव; शरीर पर चोट के निशान*

गाज़ियाबाद (आशा चौधरी)

मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मेरठ-रुड़की हाईवे किनारे सकौती गांव के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के बैग से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान गाजियाबाद के लोनी देहात निवासी दीपक जोशी (25-30 वर्ष) के रूप में हुई। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि रविवार सुबह हाईवे किनारे युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और युवक के बैग से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त की। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को मेरठ-रुड़की हाईवे किनारे फेंका गया है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई के साथ साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।