बुलन्द संदेश ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। नगर के गदाना निवासी युवक अंकित शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जहां पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को रेल हादसा मान रही है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गदाना निवासी विनेश शर्मा का पुत्र अंकित शर्मा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक 15 जुलाई को वह घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में उसी रात हापुड़ रोड रेलवे क्रॉसिंग के निकट रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अंकित की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। परिजनों का कहना है कि मामले के कई पहलू संदेह पैदा कर रहे हैं, जिनकी गहन जांच आवश्यक है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रेल हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


