अभिलेखों, शस्त्रागार और मालखाने की व्यवस्थाएं जांचीं, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरूरपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने मंगलवार को थाना सरूरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने थाना कार्यालय में आरोप पत्र और अंतिम रिपोर्ट की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा आईजीआरएस, आरटीआई, लंबित जांच, प्रार्थना पत्र और ई-ऑफिस से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसएसपी ने शस्त्रागार और मालखाने का निरीक्षण किया। शस्त्रों, अभिलेखों और मुकदमों से संबंधित माल के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और मालखाने की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना परिसर स्थित मैस, बैरक और शौचालय आदि का निरीक्षण किया। परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने थाना परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को कमियों में शीघ्र सुधार करने के साथ ही थाने की सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित रहे और जनता से संबंधित शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाए।


