चौकी शुरू होने से बढ़ेगी पुलिस की सक्रियता, एसएसपी ने गश्त और अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरूरपुर।थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में नवनिर्मित पुलिस चौकी भवन का मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने लोकार्पण किया। चौकी के नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।
लोकार्पण के बाद एसएसपी ने चौकी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने और अपराध की रोकथाम के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि चौकी पर आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए। जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नई चौकी के संचालन से हर्रा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच बेहतर होगी। इससे अपराधों की रोकथाम के साथ किसी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में एसपी देहात अभिजीत सिंह, सीओ सरधना आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष गौरव सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


