पति ने थाना सरधना में दी तहरीर, रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
सरधना। नगर के मोहल्ला किला खेवान निवासी एक महिला मंगलवार सुबह घर से निकलने के बाद लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद महिला का पता नहीं चलने पर पति ने थाना सरधना में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराने की मांग की है।
मोहल्ला किला खेवान निवासी आमिर के अनुसार उसकी पत्नी साईस्ता मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घर से बाहर गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो महिला कालंद चुंगी स्थित कब्रिस्तान की ओर जाती दिखाई दी।
इसके बाद परिजनों ने सरधना में महिला की संभावित स्थानों पर तलाश की। साथ ही रिश्तेदारियों में भी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी तलाश के बाद पति थाना सरधना पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर महिला की गुमशुदगी दर्ज कराने की मांग की।
तहरीर में महिला का हुलिया गेहुआं रंग, कद करीब पांच फीट बताया गया है। वह बदामी रंग का सूट और पैरों में चप्पल पहने हुई थी।
पुलिस ने महिला की तलाश के लिए आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि महिला के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचना दें।


