सरधना के रामलीला मैदान में 11वां गणपति महोत्सव हुआ शुभारंभ 21 तक सजेंगे भजनों के दरबार, 22 को निकलेगी विसर्जन यात्रा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना।हिंदू युवा संगठन के तत्वावधान में नगर के रामलीला मैदान में 11वें गणपति महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। पहले दिन दिल्ली से आए सुप्रसिद्ध कलाकार 'लिटिल दीवाना' ने अपनी मधुर आवाज में भगवान गणपति का गुणगान कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पंडित सोनू शर्मा ने कुशल मंच संचालन किया, वहीं मुख्य अतिथि कल्लू सिंह अमीन का संगठन के पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के आयोजक ललित गुप्ता ने बताया कि रामलीला मैदान में यह धार्मिक अनुष्ठान 21 सितंबर तक निरंतर चलेगा, जिसमें प्रतिदिन रात्रि में अलग-अलग राज्यों व शहरों से आए कलाकारों द्वारा भगवान का गुणगान और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
22 सितंबर को नगर भ्रमण के बाद होगा गंगनहर में विसर्जन
महोत्सव का समापन 22 सितंबर को गणपति बप्पा की भव्य विसर्जन यात्रा के साथ होगा। यह विसर्जन यात्रा गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण करेगी, जिसके पश्चात गंगनहर पहुंचकर भगवान गणेश की प्रतिमा का भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया जाएगा।
प्रथम दिन के कार्यक्रम में हनुमान जी की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। देर रात महाआरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष अमन गुप्ता, अनिकेत गुप्ता, राकेश कुमार, राजकुमार जाटव, ओम गुप्ता, प्रमोद सक्सेना, अंकित बाली, रजत गोयल, विकास पाल, वंश गोयल, सिद्धार्थ पुष्पक, आशीष विश्वकर्मा, रितिक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


