एडीजी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग, सरधना पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप
सरधना। मोहल्ला मंडी चमारान निवासी रूबी ने पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों पर परेशान करने, घर में घुसकर मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने एडीजी मेरठ जोन को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रूबी ने शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले अहसान, आसिफ और आरिफ आए दिन उसे परेशान करते हैं। आरोप है कि 7 सितंबर की शाम बिजली के तार को लेकर आरोपियों ने उसके और उसके पति आस मोहम्मद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के एक बुजुर्ग के साथ भी गाली-गलौज की गई।
महिला के अनुसार, घटना की सूचना थाना सरधना पुलिस को दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि 9 सितंबर की रात करीब नौ बजे तीनों लोग उसके घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
शोर सुनकर महिला का पति और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। महिला ने शिकायत में कहा कि उसे आरोपियों से जान-माल का खतरा है। डर के कारण वह अपना घर छोड़ने को मजबूर है।
महिला ने बताया कि उसने थाना सरधना में भी शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने एडीजी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।


