प्रभात फेरी गांधी आश्रम से शुरू होकर शहीद स्मारक पर होगी संपन्न, सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। गांधी जयंती के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में दो अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई और अधिकारियों व गणमान्य लोगों से सुझाव लिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती के सभी कार्यक्रम निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांधी आश्रम से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी इंदिरा चौक और बुढ़ाना गेट होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंचकर संपन्न होगी।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को गांधी जयंती से पहले शहर में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने को कहा।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम और नगर पंचायत के अधिकारियों को दो मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए भी कहा गया।
बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।


