cbamazon
उत्तर प्रदेश

“गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा केके पब्लिक स्कूल, हिंदी दिवस पर बच्चों ने दिखाया हुनर”

“गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा केके पब्लिक स्कूल, हिंदी दिवस पर बच्चों ने दिखाया हुनर”

छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए नृत्य, कविता, श्लोक और दोहे; हिंदी के महत्व पर दिया संदेश

सरधना। केके पब्लिक स्कूल में गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। गणेश चतुर्थी कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। स्कूल के छात्र ने भगवान गणेश की वेशभूषा धारण की। स्कूल मैनेजर सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने भगवान गणेश को पुष्पमाला अर्पित कर आरती की और लड्डुओं का भोग लगाया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए।

अध्यापिका रेनू शर्मा ने भगवान गणेश के जन्म से संबंधित कथा सुनाई। प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने विद्यार्थियों से भगवान गणेश के जीवन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। छात्राओं ने समूह नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। स्कूल मैनेजर और सचिव ने विद्यार्थियों को प्रसाद के रूप में लड्डू वितरित किए तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उपहार देकर प्रोत्साहित किया।

इसके बाद हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सरूरपुर खुर्द के प्राचार्य रामेंद्र गुप्ता और हिंदी विभाग के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल मैनेजर सुशील कुमार और सचिव संजीव कुमार ने अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर कविता, श्लोक, दोहे और भाषण प्रस्तुत किए। स्कूल मैनेजर सुशील कुमार ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और बचपन से ही हम इसका प्रयोग करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम में रमणीत कौर, आराध्या, मानया, अंश, शिवांग, रिजा, सिद्धार्थ, अरहम, मयंक, अभिजीत, देवांश, रिया, शाद और हिफजा सहित कई विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। शिक्षिकाओं सविता गोयल, रेनू शर्मा, अंजु गोयल और संगीता सहित अन्य शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।