cbamazon
उत्तर प्रदेश

नानू पुलिस चौकी के सामने किसान से मारपीट और लूट का आरोप, भाकियू ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

नानू पुलिस चौकी के सामने किसान से मारपीट और लूट का आरोप, भाकियू ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

कार सवारों पर किसान से मारपीट कर 17,500 रुपये और जरूरी कागजात से भरा बैग छीनने का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर थाने पर धरने की चेतावनी

सरधना। नानू पुलिस चौकी के पास किसान के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 10:40 बजे ड्यूटी से घर लौटते समय कार सवार लोगों ने उसकी बाइक रोककर मारपीट की और पर्स व बैग छीन लिया। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को थाना प्रभारी सरधना से मिला।

पीड़ित नीरज कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी मढ़ियाई खुर्द ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कंकरखेड़ा बाईपास से बाइक से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि यूपी-15 नंबर की कार सवार लोग उसकी बाइक को बार-बार ओवरटेक कर आगे-पीछे चल रहे थे। नानू पुलिस चौकी के पास पहुंचने पर कार सवारों ने बाइक के सामने कार लगा दी।

आरोप है कि कार से उतरे दो-तीन लोगों ने नीरज के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, एक आरोपी ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। हेलमेट पहने होने के कारण उसे गंभीर चोट से बचाव हुआ। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों से भी मारपीट की।

पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि हमलावर उसका पर्स और बैग भी छीनकर ले गए। पर्स में 17,500 रुपये थे। बैग में आधार कार्ड, कंपनी का आईडी कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, बच्चों की स्कूल फीस का कार्ड और अन्य जरूरी कागजात बताए गए हैं।

कार्रवाई नहीं होने पर जताया रोष

भाकियू के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित ने थाना सरधना में तहरीर दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को संगठन मंत्री अमित छबड़िया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मिला और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो सरधना थाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में नगर अध्यक्ष राजेंद्र, तहसील महासचिव श्रीपाल, ग्राम अध्यक्ष छबड़िया सुशील, मनोज कुमार, सोनू, राजू कुमार, सनकी, मनोज, ग्राम अध्यक्ष कलंद देवेंद्र, छोटू सहित अन्य किसान मौजूद रहे।