cbamazon
उत्तर प्रदेश

वैभव वशिष्ठ के गानों पर देर रात तक झूमे छात्र-छात्राएं

वैभव वशिष्ठ के गानों पर देर रात तक झूमे छात्र-छात्राएं

आईआईएमटी विश्वविद्यालय में म्यूजिकल स्टार नाइट फ्रेशर्स पार्टी-2026 का आयोजन, हजारों विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ।आईआईएमटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को म्यूजिकल स्टार नाइट फ्रेशर्स पार्टी-2026 का आयोजन धूमधाम से किया गया। प्रसिद्ध गायक वैभव वशिष्ठ ने अपनी सुरीली आवाज और एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों का दिल जीत लिया। उनके गानों पर छात्र-छात्राएं देर रात तक झूमते और नाचते रहे। पूरा परिसर तालियों और संगीत की गूंज से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, सौरभ गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, एमडी आईआईएमटी स्कूल्स पियांशु अग्रवाल और कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रियांशु और गीतिका ने युगल नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि यश और शोभित ने गायन, रितिका ने नृत्य और हिमांशु ने रैप सॉन्ग से दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गायक वैभव वशिष्ठ की प्रस्तुति रही। मंच पर आते ही उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल बना दिया। 'तेरे बिना गुजारा ऐ दिल है मुश्किल', 'तू सफर मेरा, है तू ही मेरी मंजिल', 'मुझको इतना बताए कोई' और 'गुलाबी आंखें जो तेरी देखी' जैसे गीतों पर युवा जमकर झूमे। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और वन्स मोर की आवाज से गूंजता रहा।

इस दौरान कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षा संस्थान के विकास के लिए समर्पित रहा है। आज आईआईएमटी से पढ़कर निकले विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मॉल रोड स्थित दो कमरों से शुरू हुआ आईआईएमटी समूह आज उत्तर भारत में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने गायक वैभव वशिष्ठ को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक निर्देश वशिष्ठ, आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा और आईआईएमटी स्टार्ज की प्रधानाचार्या मनीषा मेहता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विदुषी गोयल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, डीन एक्टिविटीज डॉ. लखविंदर सिंह, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।