cbamazon
उत्तर प्रदेश

सरधना में चलेगा 157 घंटे का महासफाई अभियान, पालिका ने बनाई रूपरेखा

सरधना में चलेगा 157 घंटे का महासफाई अभियान, पालिका ने बनाई रूपरेखा

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, दो अक्तूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम; 157 घंटे चलेगा महासफाई अभियान

 

सरधना। स्वच्छता ही सेवा-2026 और सेवा संकल्प अभियान को लेकर नगर पालिका परिषद सरधना ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें अभियान की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई।

बैठक में अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने शासन से प्राप्त निर्देशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा-2026 और सेवा संकल्प कार्यक्रम 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा।अभियान के तहत नगर में स्वच्छता लक्षित इकाइयों (सीटीयू) को हटाने, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने और स्वच्छ पाठशाला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सफाई मित्रों की सुरक्षा के लिए शिविर लगाने के साथ स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान स्वच्छता संबंधी प्रतियोगिताएं, ‘स्वच्छ पर्व-हरित पर्व’ के तहत पौधरोपण, ‘वेस्ट टू आर्ट’, ट्रिपल आर सेंटर और जीरो वेस्ट इवेंट जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। इसके साथ ही 157 घंटे का सतत महासफाई अभियान और ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। दो अक्तूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन किया जाएगा।बैठक में नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए पालिका स्तर पर नियमित सफाई व्यवस्था मजबूत करने और अभियान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने सभासदों, कर्मचारियों और नगरवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि सरधना को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। स्वच्छता केवल पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में सूर्य देव त्यागी, शावेज अंसारी, पिंकी सोम, नमित, मास्टर दीपक शर्मा, मनमोहन त्यागी, सुनील शर्मा, उमा त्यागी, शानू जैन, राहुल पाल, खालिद अंसारी, फरमान अंसारी, शाहिद मलिक, मुकेश कुमार सहित नगर पालिका के सभासद, अधिकारी-कर्मचारी और सफाई नायक मौजूद रहे।