cbamazon
उत्तर प्रदेश

त्याग से आत्मकल्याण की ओर बढ़ने का संदेश देता है उत्तम त्याग धर्म

त्याग से आत्मकल्याण की ओर बढ़ने का संदेश देता है उत्तम त्याग धर्म

दशलक्षण महापर्व के आठवें दिन श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का भाव, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। दशलक्षण महापर्व के आठवें दिन श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, सरधना में उत्तम त्याग धर्म की आराधना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। भगवान की पूजा-अर्चना से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

उत्तम त्याग धर्म मनुष्य को केवल बाहरी वस्तुओं का त्याग करने की ही नहीं, बल्कि राग-द्वेष, क्रोध, मान, माया, लोभ और मोह जैसे आंतरिक विकारों को छोड़ने की भी प्रेरणा देता है। यह आत्मा को निर्मल बनाने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश देता है। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के दौरान आत्मशुद्धि और संयम की भावना को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

मंदिर में शांति विधान भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ निरंतर जारी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विधान में शामिल होकर भगवान की आराधना कर रहे हैं। दशलक्षण महापर्व के चलते श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक साधना का वातावरण बना हुआ है।