गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक चलेगा 12 दिवसीय उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राएं देंगे प्रस्तुतियां
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय एवं संस्थान और विम्स के संयुक्त तत्वावधान में 12 दिवसीय गणपति उत्सव का शुभारंभ हुआ। गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ उत्सव अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्सव के पहले दिन संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, डॉ. मधु चतुर्वेदी और विम्स कल्चरल कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. सुप्रीति भटनागर सहित छात्र-छात्राओं ने गणपति की विशाल प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रतिमा को संस्थान के इकोपार्क स्थित पूजा पंडाल में स्थापित किया गया। पूजा आचार्य रामनिवास शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुई। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया।
संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है। उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख, समृद्धि और शांति का संचार होता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में गणेश आराधना का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भगवान गणेश की पूजा सफलता और सकारात्मक सोच का संदेश देती है।
गणपति उत्सव के तहत नासिक के गणपति बैंड, राजस्थान घराने के शास्त्रीय गायक डॉ. पं. शिवदर्शन दुबे की भजन संध्या, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा का गणपति पर आध्यात्मिक विश्लेषण तथा ओज कवि डॉ. राहुल अवस्थी और डॉ. चेतन आनंद की प्रस्तुतियां सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छात्र-छात्राओं ने गणपति भजनों और गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल गणपति भक्ति से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे, वित्त निदेशक युवराज सिंह, प्रतिकुलपति डॉ. मानस रंजन, कुलसचिव डॉ. पीयूष कुमार पांडेय, डीन एमएच प्रभु, डॉ. शिरीष पाटिल, डॉ. रोहन सुरैना, डॉ. प्रणव ठाकरे, मिहिर धावेल, संकल्प जैन, एसएस बघेल, मुख्य आयोजक डॉ. अनिकेत पंत, डॉ. वेदांत घाघरे, डॉ. अभिषेक कटियार, डॉ. आईना माथुर, डॉ. पंकज सिंह और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


